Chemotherapy | कीमोथेरेपी

Below we provide information about chemotherapy in Hindi. यह जानकारी आपको कीमोथेरेपी को बेहतर ढंग से समझने में मदद करती है, जो कैंसर से पीड़ित कुछ लोगों को दिया जाने वाला उपचार है।

Download PDF

कीमोथेरेपी क्या है?

कीमोथेरेपी में कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करने और उन्हें बढ़ने से रोकने के लिए दवाओं का उपयोग किया जाता है। विभिन्न प्रकार की कीमोथेरेपी दवाएँ उपलब्ध हैं।

कीमोथेरेपी का उपयोग सर्जरी या रेडिएशन थेरेपी से पहले या बाद में, या रेडिएशन थेरेपी के साथ किया जा सकता है। मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट कीमोथेरेपी और अन्य कैंसर दवाओं से कैंसर का उपचार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।


कीमोथेरेपी क्यों दी जाती है?

कीमोथेरेपी का प्रयोग निम्नलिखित कारणों के लिए किया जा सकता है:

मुख्य उपचार के रूप में – इसका उद्देश्य कैंसर के संकेतों और लक्षणों को कम करना या रोकना हो सकता है।

उपचार से पहले कैंसर को कम करने के लिए – सर्जरी या रेडिएशन थेरेपी जैसे मुख्य उपचार को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए कीमोथेरेपी दी जा सकती है।

कैंसर के दोबारा पीड़ित होने की संभावना को कम करने के लिए – बची हुई कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करने के उद्देश्य से सर्जरी या रेडिएशन थेरेपी जैसे अन्य उपचार के बाद भी कीमोथेरेपी दी जा सकती है।

फैल चुके कैंसर के लिए – कीमोथेरेपी का उपयोग कैंसर के बढ़ने की गति को कम करने और उसे कुछ समय के लिए फैलने से रोकने के लिए किया जा सकता है।

लक्षणों से राहत पाने के लिए –दर्द और अन्य लक्षणों युक्त कैंसर को कम करते हुए कीमोथेरेपी से जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।


कीमोथेरेपी कैसे दी जाती है?

अधिकांश कीमोथेरेपी नस के माध्यम से दी जाती है। इसे अंतःशिरा या IV कीमोथेरेपी के नाम से जाना जाता है। IV कीमोथेरेपी के लिए, आपकी नर्स आपकी बांह में सुई के साथ एक छोटी ट्यूब डाल सकती है – इसे कैनुला कहते हैं।

यदि आप कई कीमोथेरेपी सत्र लेने वाले हैं, तो आपका डॉक्टर आपको सेंट्रल वेनस एक्सेस डिवाइस (CVAD) जैसी कोई डिवाइस लगवाने की सलाह दे सकता है – एक बार लगवाने पर यह डिवाइस विभिन्न सत्रों में अपनी जगह पर रह सकती है। CVAD लगवाने वाले कुछ लोग कीमोथेरेपी के लिए पोर्टेबल पंप का उपयोग कर सकते हैं।

कभी-कभार कीमोथेरेपी अन्य तरीकों जैसे कि निगली जाने वाली गोलियां (ओरल कीमोथेरेपी), त्वचा पर लगाई जाने वाली क्रीम, या शरीर के विभिन्न भागों में इंजेक्शन के माध्यम से भी दी जाती है।

आपकी कीमोथेरेपी किस तरह से होगी, यह आपके कैंसर के प्रकार और कीमोथेरेपी के लिए उपयोग की जा रही दवाओं के आधार पर निर्भर करता है। आपकी उपचार टीम आपको दवा देने के सबसे सही तरीके के बारे में निर्णय लेगी।


क्या कीमोथेरेपी दर्दनाक होती है?

यदि आपको कीमोथेरेपी के लिए कैनुला या इंजेक्शन का उपयोग किया जाता है, तो आपको चुभन महसूस हो सकती है। यदि इसे हटाते वक्त दर्द हो सकता है और आपके शरीर में CVAD लगाया जाता है, तो आपको हर बार कैनुला डालने की आवश्यकता नहीं होगी।

जब कीमोथेरेपी की दवा कैनुला या CVAD के माध्यम से नस में डाली जाती है, तो आपको ठंडक का एहसास हो सकता है।

कुछ कीमोथेरेपी की दवाओं से नसों में सूजन (फ्लेबिटिस) हो सकती है, जिससे कुछ दिनों तक दर्द महसूस हो सकता है। यदि आपके साथ ऐसा होता है, तो अपनी उपचार टीम से बात करें ताकि वे आपकी बेचनी या दर्द को कम करने में मदद कर सकें।


कीमोथेरेपी में कितना समय लगेगा?

आपको कितनी बार और कितने समय तक कीमोथेरेपी करवानी होगी, यह आपके कैंसर के प्रकार, उपचार के कारण, उपयोग की जा रही दवाओं और आप पर पड़ने वाले वाले दुष्प्रभावों पर निर्भर करता है।

कीमोथेरेपी आमतौर पर उपचार की अवधि के रूप में दी जाती है, जिसके बाद आराम की अवधि होती है। इसे चक्र कहा जाता है।

सर्जरी से पहले या बाद में अक्सर 6 महीने तक कीमोथेरेपी से उपचार चल सकता है, लेकिन समय अलग हो सकता है। दोबारा कैंसर को होने से रोकने या कैंसर को नियंत्रित करने या लक्षणों से राहत देने के लिए दी जाने वाली कीमोथेरेपी कई महीनों या सालों तक चल सकती है।


मेरी कीमोथेरेपी कहाँ होगी?

अधिकांश लोग दिन में अस्पताल या उपचार केंद्र में जाकर कीमोथेरेपी करवाते हैं। कुछ मामलों में, रात भर या लंबे समय तक अस्पताल में रहने की आवश्यकता हो सकती है।

ओरल कीमोथेरेपी या पंप का उपयोग करने वाले लोग आमतौर पर घर पर ही अपना उपचार करवा सकते हैं। कुछ मामलों में कोई नर्स आपको घर पर ही आपकी नस के माध्यम से या इंजेक्शन से कीमोथेरेपी दे सकती है।


मेरे कीमो इन्फ्यूजन में लगभग 8 घंटे का समय लगा क्योंकि इसके दौरान मुझे 2 दवाएं और एक नमकीन घोल दिया गया था।

CHERYL

कीमोथेरेपी के दुष्प्रभाव

आप दुष्प्रभावों का सामना करते /ती हैं या नहीं और ये कम प्रभावशाली हैं या अधिक, यह आपको दी जाने वाली दवा और खुराक पर निर्भर करता है। आपकी प्रतिक्रिया में भी एक उपचार चक्र से दूसरे तक में बदलाव हो सकता है। यदि आप किसी भी दुष्प्रभाव का सामना करते /ती हैं, तो अपनी कैंसर उपचार टीम को बताएं।

Bed iconथकान (थकावट महसूस करना)
यह कीमोथेरेपी के दुष्प्रभावों में से सबसे सामान्य है। यह उपचार समाप्त होने के 12 महीने या उससे अधिक समय तक भी रह सकता है।
जी मिचलाना और उल्टी का मन होना
आप बीमार जैसा महसूस कर सकते हैं और आपकी भूख में भी बदलाव आ सकता है। आपको आमतौर पर जी मिचलाने और उल्टी को नियंत्रित करने में मदद के लिए दवा दी जाएगी।
Blue head scart iconबालों का झड़ना
सभी कीमोथेरेपी दवाओं से बाल नहीं झड़ते हैं। यदि आपके बाल झड़ते हैं, तो उपचार समाप्त होने के 4-12 महीने बाद नए बाल आ जाने चाहिए।
दस्त लगना या कब्ज़ होना
पेट संबंधी समस्याओं का सामना करना कीमोथेरेपी उपचार के दुष्प्रभावों में से सबसे सामान्य है। इन्हें नियंत्रित रखने के बारे में अपने डॉक्टर या फार्मासिस्ट से बात करें।
संक्रमण होने का जोखिम बढ़ जाना
कीमोथेरेपी से आपके श्वेत रक्त कोशिका का स्तर कम हो सकता है, जिससे आपके शरीर के लिए संक्रमण का सामना करना मुश्किल हो जाता है।
याददाश्त की समस्या
कुछ लोग कीमोथेरेपी के बाद ध्यान केंद्रित करने या चीज़ों को याद रखने में मुश्किल का सामना करते हैं।
मुँह में घाव या छाले होना
कुछ कीमोथेरेपी दवाओं के कारण मुँह की स्वस्थ कोशिकाओं को नुकसान पहुंच सकता है और मुँह में घाव, छाले और संक्रमण हो सकते हैं।

दुष्प्रभाव आमतौर पर अस्थायी होते हैं और इनका उपचार किया जा सकता है। ऐसा हो सकता है कि कुछ दुष्प्रभाव कई महीनों या सालों तक भी दिखाई न दें। इन्हें देर से होने वाले दुष्प्रभाव कहा जाता है।


कैंसर के उपचार के लिए अन्य दवा थेरेपी

कीमोथेरेपी के अलावा कैंसर के उपचार के लिए अन्य दवा उपचारों का भी उपयोग किया जाता है। इनमें लक्षित उपचार, इम्यूनोथेरेपी और हार्मोन थेरेपी शामिल हैं। कीमोथेरेपी की तरह ही, इन्हें कैंसर विरोधी दवा उपचार या व्यवस्थित कैंसर विरोधी थेरेपी के नाम से जाना जाता है।

हर दवा उपचार कैंसर कोशिकाओं को समाप्त करने के लिए विभिन्न तरीकों से काम करता है। इन अन्य दवा उपचारों का उपयोग कीमोथेरेपी, सर्जरी या रेडिएशन थेरेपी के पहले या बाद में किया जा सकता है। आपकी कैंसर उपचार टीम आपके लिए सबसे सही उपचार योजना के बारे में सलाह देगी।


क्या कीमोथेरेपी से मेरी प्रजनन क्षमता प्रभावित होगी?

कीमोथेरेपी आपके बच्चे पैदा करने की क्षमता (प्रजनन क्षमता) को प्रभावित कर सकती है। यह अस्थायी या फिर स्थायी रूप से भी हो सकता है और यह आपके कैंसर के प्रकार और उपचार पर निर्भर करता है।

यदि आप भविष्य में बच्चे चाहते/ती हैं, तो कीमोथेरेपी शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर से यह जान लें कि उपचार का आप पर क्या प्रभाव हो सकता है और आपके लिए क्या विकल्प उपलब्ध हैं।

अंडे, भ्रूण, अंडाशय टिश्यू  या स्पर्म को भविष्य में उपयोग करने के उद्देश्य से एकत्रित और संग्रहीत किया जा सकता है। लेकिन ऐसा कीमोथेरेपी शुरू करने से पहले किया जाना आवश्यक है।


मेरी पिता बनने की चाह थी। मैं नहीं चाहता था कि कैंसर मुझसे मेरी यह चाह छीन ले, इसलिए मैंने उपचार शुरू होने से पहले ही स्पर्म को संग्रहित कर लिया था।

ZAC

कुछ ऐसे प्रश्न जो आप अपने डॉक्टर से पूछना चाहेंगे

प्रश्न पूछने से आपको सूचित निर्णय लेने में मदद मिलती है। कुछ ऐसे प्रश्न जो आप अपने डॉक्टर से पूछ सकते हैं:

  • मुझे कीमोथेरेपी क्यों करवानी चाहिए?
  • जिस कैंसर से मैं पीड़ित हूँ, उसके लिए कीमोथेरेपी कितनी सफल है?
  • क्या मुझे अन्य उपचार भी करवाने होंगे?
  • मेरा उपचार कैसे किया जाएगा?
  • कीमोथेरेपी में कितना खर्चा होगा?
  • मुझे कितने समय तक कीमोथेरेपी करवानी होगी?
  • मुझे कैसे पता चलेगा कि उपचार मेरे लिए सही तरह से काम कर रहा है?
  • इसके संभावित जोखिम और दुष्प्रभाव क्या हैं? दुष्प्रभाव कितने समय तक रहेंगे?
  • दुष्प्रभावों से राहत पाने के लिए क्या किया जा सकता है?
  • क्या कीमोथेरेपी से मेरा यौन जीवन और प्रजनन क्षमता प्रभावित होंगे?

अधिक प्रश्नों के लिए, हिंदी में हमारे “कुछ ऐसे प्रश्न जो आप अपने डॉक्टर से पूछना चाहेंगे/गी” अनुभाग को देखें।


अपनी भाषा में मदद और जानकारी कहाँ से प्राप्त करें

  • Cancer Council को 13 11 20 पर कॉल करें। हम आपको दुभाषिया सेवाओं से जोड़ सकते हैं और आपकी भाषा में संसाधन भी दे सकते हैं।
  • TIS National को 131 450 पर कॉल करें। यह निशुल्क दुभाषिया सेवा है जो आपको अपनी मेडिकल अपॉइंटमेंट के लिए या Cancer Council से संपर्क करने के लिए किसी दुभाषिए से जोड़ सकती है।

वीडियो: कीमोथेरेपी क्या है?

कीमोथेरेपी के बारे में अधिक जानने के लिए, यह वीडियो देखें (हिंदी में स्वचालित रूप से बनाए गए उपशीर्षक चालू करने के लिए सेटिंग्स खोलें)।

Watch this video to learn more about chemotherapy (Open Settings to turn on auto-generated subtitles in Hindi).


See who reviewed this content. यह सामग्री की समीक्षा किसने की है, देखें।

Understanding Chemotherapy

Dr Yada Kanjanapan, Medical Oncologist, Icon Cancer Centre Canberra, Canberra Hospital, ACT; Gillian Blanchard, Oncology Nurse Practitioner, Calvary Mater Newcastle, NSW and Director, Cancer Nurses Society of Australia; Community reviewers; Vanessa Saunders, 13 11 20 Consultant, Cancer Council NSW.

Translation services provided by Polaron Connect using translators accredited by the National Accreditation Authority for Translators and Interpreters Ltd, with translations also reviewed by in-community language reviewers.

 

View the Cancer Council NSW editorial policy.