Living well after cancer | कैंसर के बाद अच्छी तरह जीवन जीना

This information is for people who have completed cancer treatment. यह जानकारी उन लोगों के लिए है जिन्होंने कैंसर का उपचार पूरा कर लिया है।

Cover of fact sheet Living Well After Cancer
Download PDF

जब उपचार समाप्त हो जाता है

कैंसर उपचार के दौरान, आपने यह महसूस किया होगा कि आपकी ज़िंदगी थम गई है। उपचार के समाप्त होने पर आप ज़िंदगी के शीघ्र ही सामान्य होने की उम्मीद करते/ती हैं। हालांकि, अपनी सामान्य गतिविधियों में वापसी करना मुश्किल हो सकता है। आप अलग महसूस कर सकते/ती हैं और अलग दिख सकते/ती हैं।

समय के साथ-साथ, लोग अक्सर कैंसर के बाद जीने का नया ढंग ढूंढ लेते हैं। इस प्रक्रिया को आम तौर पर नए ढ़ंग से जीवन को अपनाना कहा जाता है – इसमें कई महीने या साल भी लग सकते हैं।


ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले 12 लाख से अधिक लोगों को अपने जीवनकाल के दौरान कैंसर से पीड़ित होने का पता चला है। यह संख्या बढ़ रही है क्योंकि अब ज़्यादा कैंसर पहले ही पता चल जाते हैं और उपचार भी बेहतर हो रहे हैं।


आपकी भावनाएँ

उपचार समाप्ति पर लोगों में मिली-जुली भावनाएँ दिखना सामान्य बात है। भविष्य के बारे में सोचने से पहले आपको घटित चीज़ों के बारे में सोचने के लिए समय चाहिए हो सकता है।

सामान्य भावनाओं में ये शामिल हैं:

  • उपचार समाप्त होने पर राहत महसूस करना 
  • कैंसर से दोबारा पीड़ित (इसके फिर से) होने का भय
  • कैंसर से पहले वाली ज़िंदगी के खोने या दुख का एहसास
  • और अधिक भावनात्मक होना या रोना
  • थकावट या कमज़ोरी महसूस करना
  • इस बारे में क्रोधित होना कि कैंसर ने आपकी ज़िंदगी को कैसे प्रभावित किया है
  • भविष्य को लेकर उम्मीद रखना।

    कैंसर का उपचार समाप्त होने पर इसका सामना करने के तरीके

    • हर दिन पर ध्यान दें – अच्छे और बुरे, दोनों दिनों की उम्मीद करें।
    • चीज़ें अपनी गति से करें। यथाशीघ्र निर्णय लेने या किसी नई गतिविधि को शुरू करने के दबाव से बचें।.
    • यदि आपके लिए संभव हो, तो अपने परिवार, मित्रों और अपने समुदाय के साथ अपनी भावनाएँ साँझा करें।
    • यदि आपको महसूस होता है कि आप तनाव से ग्रस्त हैं, तो अपने डॉक्टर से बात करें या आप किसी साइकोलॉजिस्ट या काउंसलर से भी बात कर सकते/ती हैं।
    • विश्राम संबंधी किसी गतिविधि का अभ्यास करें, जैसे मेडिटेशन, योग, ताई ची या गहरी साँसे लेना। कुछ लोगों को बागबानी, पढ़ना, खाना बनाना या म्यूज़िक (संगीत) सुनने जैसी गतिविधियों द्वारा विश्राम करना अच्छा लगता है।
    • अपनी भावनाओं को जरनल (डायरी) में लिखें।
    • Cancer Council को 13 11 20 पर कॉल करें (“मदद और जानकारी कहाँ से प्राप्त करें” अनुभाग देखें)।

    कैंसर के उपचार के बाद ज़िंदगी को समायोजित करने के लिए स्वयं को समय दें। कैंसर के बाद अच्छी तरह से जीवन जीने के लिए अपनी भावनाओं को प्रबंधित करना महत्वपूर्ण है।

    Illustrations of man listening to headphones and person writing in book

    मेरे उपचार के बाद, एक साइकोलॉजिस्ट ने मुझे बताया कि यह महसूस करना सामान्य है कि आपके जीवन की नींव हिल गई है। दुनिया और अपनी मान्यताओं के बारे में अपने नज़रिए पर प्रश्न करना भी सामान्य है।

    DAVID

    जीवनशैली विकल्प

    कैंसर के उपचार के बाद अपना ध्यान रखना महत्वपूर्ण है। इसका अर्थ अपनी जीवनशैली में बदलाव करना और स्वस्थ रहने के नए तरीके को अपनाना हो सकता है । अपना ध्यान रखने की योजना बनाने से आपको नियंत्रण वापस पाने में मदद मिल सकती है। आपकी योजना में ये शामिल हो सकते हैं:

    धूम्रपान और वेपिंग छोड़ दें
    धूम्रपान और वेपिंग छोड़ने का लक्ष्य रखें। इसे छोड़ना मुश्किल हो सकता है, विशेषकर यदि आप बेचैनी महसूस करते/ती हैं। सहायता के लिए, अपने डॉक्टर से बात करें या Quitline को 13 78 48 पर कॉल करें (Quitline दुभाषिया सेवा प्रदान कर सकती है)
    पौष्टिक खाना खाएँ
    5 आहार समूह से संतुलित आहार का सेवन करें – सब्ज़ियाँ एवं फलियाँ, फल, साबुत अनाज, मीट (या अन्य विकल्प) और डेयरी। सैचुरेटेड फ़ैट और अतिरिक्त नमक एवं चीनी कम लें।
    शराब का सेवन कम करें
    शराब कम पीने या न पीने से कैंसर का जोखिम कम होगा और इसके परिणामस्वरूप आपकी सेहत और तंदुरुस्ती में सुधार होगा। हफ़्ते में 10 से अधिक स्टैंडर्ड ड्रिंक का सेवन न करें।
    Icon: Walking the dogशारीरिक रूप से सक्रिय रहें
    किसी भी प्रकार की शारीरिक गतिविधि आपके लिए लाभप्रद हो सकती है। अधिक गतिविधि करने से बचने के लिए, किसी भी शारीरिक गतिविधि की शुरुआत धीरे करें और फिर क्रमशः इसका स्तर बढ़ाएँ। आपको कौन सी सावधानियों का ध्यान रखना चाहिए, और आपके लिए कौन सी गतिविधि और स्तर सही है, इस बारे में अपने विशेषज्ञ या GP से बात करें।
    Icon showing 50+ sunscreenसनस्मार्ट बनें (धूप से बचाव के तरीकों का उपयोग करना)
    धूप से स्वयं का बचाव ऐसे करें:
    • कंधे, हाथ, पैर और शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें
    • बाहर रहते हुए हर समय SPF 50 या SPF 50+ ब्रॉड-स्पेक्ट्रम, वॉटर-रेसिस्टेंट सनस्क्रीन का उपयोग करें
    • चेहरे, गर्दन और कानों को ढकने वाली टोपी पहनें 
    • आंखों के बचाव के लिए ऑस्ट्रेलियन मानक अनुसार धूप के चश्मे का प्रयोग करें
    • छाया में रहें।

    काम पर वापस लौटना

    चाहे आप स्व-नियोजित हों या कहीं कर्मचारी के रूप में नियुक्त हों, आप यह सोच कर चिंतित हो सकते/ती हैं कि क्या आप अपना काम पहले की तरह ही कर पाएँगे/गी या नहीं। कुछ लोग शुरुआत में कम घंटे या कम काम करते हुए धीरे-धीरे काम पर वापस जाना पसंद करते हैं। कुछ अन्य लोग तुरंत अपने रोज़ाना के काम पर लौटने के लिए स्वयं को तैयार महसूस करते हैं।

    यदि आप कहीं कर्मचारी के रूप में नियुक्त हैं, तो जब आप काम पर लौटने के लिए तैयार हों, तो काम पर वापसी की लिखित योजना बनाने के बारे में सोचें। यह आपके, आपके डॉक्टर और आपके नियोक्ता द्वारा बनाया गया दस्तावेज़ होता है, जिसमें काम की वापसी के आपके तरीके के बारे में बताया जाता है।


    फ़ॉलो-अप देखभाल

    आपका उपचार समाप्त होने के बाद, आपको नियमित रूप से चेक-अप करवाने की आवश्यकता हो सकती है। इससे आपके डॉक्टर को आपके स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती की निगरानी करने, उपचार संबंधी किसी भी दीर्घकालिक दुष्प्रभावों को प्रबंधित करने और कैंसर के दोबारा होने या फैलने की जाँच करने में मदद मिलती है।

    आपको कितनी बार चेक-अप करवाने की आवश्यकता होगी, यह आपके कैंसर के प्रकार पर निर्भर करता है। कुछ लोग उपचार के बाद पहले कुछ सालों तक हर 3–6 महीने में चेक-अप करवाते हैं, फिर इसे कम कर देते हैं। किसी भी प्रकार की चिंता या अपॉइंटमेंट के बीच कोई भी नया लक्षण महसूस करने पर, यथाशीघ्र अपने GP से संपर्क करें।


    कैंसर से दोबारा पीड़ित होने का डर

    कैंसर के उपचार के बाद कैंसर से दोबारा पीड़ित होने (बार-बार होने) को लेकर बेचैनी और डर महसूस करना सामान्य है। अधिकांश लोग कुछ हद तक इस डर का सामना करते हैं, और यह डर कई सालों तक मन में रह सकता है।

    कैंसर से दोबारा पीड़ित होने के डर का सामना करने के तरीके

    • अपने डॉक्टर से कैंसर के दोबारा होने (बार-बार होने) की संभावना के बारे में पूछें।
    • यह पूछें कि सामान्य दर्द, पीड़ा या बीमारी और कैंसर के लक्षणों के बीच फ़र्क कैसे पता चल सकता है।
    • ऐसी चीज़ों पर ध्यान दें जिन्हें आप नियंत्रित कर सकते/ती हैं, जैसे जीवनशैली में बदलाव और फॉलो-अप अपॉइंटमेंट पर जाना।
    • माइंडफुलनेस मेडिटेशन, ब्रीदिंग अभ्यास या सैर करने जैसी गतिविधियों के माध्यम से तनाव और बेचैनी के लक्षणों को प्रबंधित करना सीखें।
    • यदि आप कैंसर से दोबारा पीड़ित होने के डर से बहुत परेशान हैं तो किसी काउंसलर या साइकोलॉजिस्ट से बात करें।
    • किसी सहायक समूह का हिस्सा बनें ताकि आप उन लोगों से बात कर सकें जो आपकी भावनाओं को समझते हों।
    • ड्राइंग, पेंटिंग या लिखने जैसी कुछ रचनात्मक गतिविधियों को करने की कोशिश करें। इन गतिविधियों से आपको अपनी भावनाओं का सामना करने और आराम करने में भी मदद मिल सकती है।

    अपनी भाषा में मदद और जानकारी कहाँ से प्राप्त करें

    • Cancer Council को 13 11 20 पर कॉल करें। हम आपको दुभाषिया सेवाओं से जोड़ सकते हैं और आपकी भाषा में संसाधन भी दे सकते हैं।
    • TIS National को 131 450 पर कॉल करें। यह निशुल्क दुभाषिया सेवा है जो आपको अपनी मेडिकल अपॉइंटमेंट के लिए या Cancer Council से संपर्क करने के लिए किसी दुभाषिए से जोड़ सकती है।
    See who reviewed this content. यह सामग्री की समीक्षा किसने की है, देखें।

    Living Well After Cancer

    Mariad O’Gorman, Clinical Psychologist, Bankstown Cancer Centre & Liverpool Cancer Therapy Centre, NSW; Gillian Blanchard, Oncology Nurse Practitioner, Calvary Mater Newcastle, NSW & Director, Cancer Nurses Society of Australia; Kevin Bloom, Senior Social Worker, Haematology and Bone Marrow Transplant, NSLHD – Royal North Shore Hospital, NSW; Community reviewers; Dr Yada Kanjanapan, Medical Oncologist, Icon Cancer Centre Canberra, Canberra Hospital, ACT; Vanessa Saunders, 13 11 20 Consultant, Cancer Council NSW.

    Translation services provided by Polaron Connect using translators accredited by the National Accreditation Authority for Translators and Interpreters Ltd, with translations also reviewed by in-community language reviewers.

    View the Cancer Council NSW editorial policy.